तरैया,(सारण)। थाना क्षेत्र के भटगाई गांव के रहने वाले एक युवक केरल के वायनाड जिले में भारी बारिश के कारण हुए अचानक प्राकृतिक आपदा भूस्खलन में लापता हो गया है। जिसका अबतक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। जानकारी के अनुसार वायनाड में एक सड़क निर्माण कार्य के दौरान पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया। जिस दौरान क्रेन चालक सहित लगभग 15 मजदूर मलबे में दब गए।
उनकी तलाशी के लिए बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। लापता लोगों में तरैया के भटगाई गांव निवासी अब्दुल अंसारी के 30 वर्षीय पुत्र मोहम्मद इमरान भी शामिल हैं। मोहम्मद इमरान घटनास्थल पर क्रेन चालक के रूप में कार्यरत थे। परिजनों ने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण हुए भूस्खलन से कार्यस्थल पर अफरा-तफरी मच गई और मजदूरों को संभलने का मौका नहीं मिला। इसी दौरान मोहम्मद इमरान के भी लापता होने की खबर उनके घर पहुंची जिसके बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इमरान के पिता अब्दुल अंसारी समेत अन्य उनके परिजन सकुशल मिलने की दुआ कर रहे हैं। उनकी पत्नी शबनम खातून खबर सुनने के बाद से ही सदमे में पड़ी हुई हैं। परिजनों ने बताया कि इमरान की छह माह की एक बेटी है, जो अपनी मां के साथ गांव में रहती है। इमरान परिवार के भरण-पोषण के लिए केरल में काम रहा था।
इधर घटना की सूचना मिलते ही सरपंच संघ के प्रदेश महासचिव सुनील तिवारी, स्थानीय मुखिया ओम प्रकाश राम, उप सरपंच रामनारायण राम, पैक्स अध्यक्ष रणधीर सिंह, चौकीदार हैदर अली, समेत कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। वहीं जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय प्रशासन और राज्य सरकार से केरल सरकार से संपर्क साधकर लापता युवक की खोजबीन में तेजी लाने और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करने की मांग की है।

.jpeg)

Post a Comment