![]() |
| सारण के तरैया स्थित शिव मंदिर में जलार्पण के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़। |
| छपरा/तरैया: सावन माह की तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी के दुर्लभ व पावन संयोग पर सारण जिले के तरैया स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिरों में "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय और भक्तिमय बना हुआ है। |
30 किमी दूर से जल लेकर पहुंचे कांवड़िये
सोमवारी और नाग पंचमी के इस खास अवसर पर बड़ी संख्या में कांवड़िये व शिवभक्त पानापुर के प्रसिद्ध तीर्थस्थल मथुरा धाम गंडक नदी और दिघवारा गंगा घाट से जल भरकर लगभग 30 किलोमीटर की पैदल यात्रा तय कर तरैया पहुंचे। भक्तों ने तरैया बाजार स्थित श्रीराम जानकी ठाकुरबाड़ी शिव मंदिर, रामबाग स्थित श्री संकट मोचन घंटी बाबा रामेश्वर महादेव धाम और ऐतिहासिक शाहनेवाजपुर शिव मंदिर में जलाभिषेक किया।
मंदिरों की भव्य सजावट और विशेष धार्मिक महत्व
इस विशेष संयोग को देखते हुए मंदिरों को भव्य तरीके से लाइटों और रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है। मंदिर के पुजारियों के अनुसार, सावन की सोमवारी के साथ नाग पंचमी का एक ही दिन पड़ना बेहद फलदायी है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान शिव के साथ नाग देवता की पूजा करने से कालसर्प दोष, राहु-केतु की महादशा और जीवन की तमाम बाधाओं से मुक्ति मिलती है।
सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
मंदिरों में श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं ताकि जलाभिषेक सुचारु रूप से हो सके। साथ ही असामाजिक तत्वों और मनचलों पर नजर रखने के लिए पुलिस बल और वॉलिंटियर्स मुस्तैद हैं।

Post a Comment