Top News

तरैया बाजार को मिली वर्षों पुराने जलजमाव से राहत, जेसीबी की मदद से तोड़ा गया बंद नाला; खदरा नदी में बहने लगा पानी

Taraiya Market Waterlogging Drain Clearing JCB Saran Chhapra News
तरैया: पोस्ट ऑफिस चौक पर बंद पड़े नाले को तोड़कर जलजमाव से मुक्ति दिलाते पथ निर्माण विभाग के अधिकारी व कर्मचारी।

 तरैया/छपरा (छपरा तक): सारण जिले के तरैया बाजारवासियों, स्थानीय व्यवसायियों और राहगीरों को पिछले कई सालों से रुला रही जलजमाव की समस्या से आखिरकार बड़ी राहत मिल गई है। स्थानीय विधायक जनक सिंह के पत्र और बीडीओ के हस्तक्षेप के बाद पथ निर्माण विभाग हरकत में आया और जेसीबी की मदद से बंद पड़े मुख्य नाले को तोड़कर पानी निकासी की व्यवस्था बहाल कर दी।

चार से छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद खुला नाला

सोमवार को पथ निर्माण विभाग के वरीय अधिकारियों एवं कनीय अभियंताओं की टीम भारी दलबल और जेसीबी मशीन के साथ तरैया बाजार स्थित पोस्ट ऑफिस चौक पहुंची। कनीय अभियंता निशांत कुमार राज और संजीव कुमार की देखरेख में पोस्ट ऑफिस चौक के पास गली से होकर जाने वाले अवरुद्ध नाले को खोलने का काम शुरू किया गया। करीब 4 से 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पक्के नाले के जाम हिस्से को तोड़ा गया। नाला खुलते ही सड़कों पर जमा बारिश का पानी तेजी से बहकर खदरा नदी में गिरने लगा, जिससे मुख्य मार्ग पूरी तरह साफ हो गया।

विधायक जनक सिंह ने विभाग को लिखा था पत्र

तरैया बाजार में जलजमाव के कारण व्यवसाय ठप होने और आम लोगों को हो रही भीषण परेशानी को देखते हुए बिहार विधानसभा याचिका समिति के सभापति सह तरैया विधायक जनक सिंह ने पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों को पत्र भेजकर तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी विभु विवेक ने भी मौका मुआयना कर जलनिकासी सुनिश्चित कराने की पहल की थी।

व्यापारियों और राहगीरों के चेहरों पर लौटी मुस्कान

हर साल हल्की बारिश होते ही तरैया बाजार की सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती थीं। जलजमाव के कारण दुकानों में पानी घुसने और ग्राहकों की आवाजाही बंद होने से व्यापारी काफी परेशान थे। अब नाला खुलने और पानी की सुचारू निकासी होने से स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने राहत की सांस ली है।


Post a Comment

Previous Post Next Post