छपरा (छपरा तक): तरैया प्रखंड की नारायणपुर पंचायत भवन में आम लोगों की जन-समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से एक 'सहयोग शिविर' का आयोजन किया गया। इस शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों का जल्द से जल्द निष्पादन करने का आश्वासन दिया। शिविर के दौरान ग्रामीणों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार विधानसभा याचिका समिति के सभापति सह तरैया विधायक जनक सिंह ने कहा कि सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने वहां उपस्थित प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निष्पादन पूरी पारदर्शिता और तय समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
Advertisement
विभिन्न विभागों की योजनाओं की दी गई जानकारी शिविर में राजस्व विभाग, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल, सड़क और बिजली समेत कई महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित संपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।
ये प्रमुख लोग और अधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम के दौरान डीसीएलआर मढ़ौरा धनंजय त्रिपाठी, कार्यपालक अभियंता विनोद कुमार साह, प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) विभु विवेक, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEAO) संजय जायसवाल, जिला परिषद हरिशंकर सिंह, मुखिया अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

.jpeg)
Post a Comment