पटना/सारण। राज्य महोत्सव संघ, बिहार के प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने संगठन का विस्तार करते हुए सारण के पानापुर प्रखंड के रामपुररूद्र निवासी अविनाश कुमार ऊर्फ चुन्नु सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किया है। इस संबंध में 6 अगस्त 2026 को नियुक्ति पत्र जारी किया गया। नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। जारी पत्र के अनुसार, अविनाश कुमार पिता स्व. रणंजय, को संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनसे अपेक्षा की गई है कि वे बिहार की धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने तथा इनके संरक्षण और विकास के लिए राज्य सरकार के समक्ष प्रभावी पहल करेंगे। नियुक्ति पत्र में यह भी उल्लेख है कि प्रदेश अध्यक्ष की अनुपस्थिति में राज्य महोत्सव संघ का संपूर्ण प्रभार प्रदेश उपाध्यक्ष के पास रहेगा। नियुक्ति के बाद फोन पर बातचीत में अविनाश कुमार ऊर्फ चुन्नु सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता नारायणी गंडक नदी के किनारे स्थित मथुरा धाम को नई पहचान दिलाना होगी। इसके लिए मुख्यमंत्री से मिलकर मथुरा धाम महोत्सव को राज्यकीय महोत्सव का दर्जा दिलाने तथा मथुरा धाम को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कराने की दिशा में गंभीर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा स्थानीय लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने अविनाश कुमार को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पर्यटन विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल करेगा। अविनाश कुमार ऊर्फ चुन्नु सिंह के प्रदेश उपाध्यक्ष बनने पर उनके बड़े भाई अजीत कुमार सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य रणविजय सिंह, जिला परिषद सदस्य रत्नेश भास्कर, शिक्षक कौशल किशोर सिंह सहित अनेक गणमान्य लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
.jpeg)
Post a Comment