- अपने सीमित मानदेय से जुटाए 1200 से अधिक फूड पैकेट, सेनेटरी नैपकिन समेत जरूरी सामग्री।
- मकेर और अमनौर के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंच कर बांटी राहत।
छपरा, 07 अक्टूबर।
वेतन और मानदेय की सीमित आय के बीच आर्थिक तंगी से जूझ रहे संविदा पर कार्यरत कार्यपालक सहायकों ने सारण जिले के मकेर और अमनौर प्रखंड में बाढ़ की विभीषिका से जूझ रहे लोगों के लिए मानवीय संवेदना की मिसाल पेश की है। खुद आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे इन कर्मियों ने अपने स्तर से आर्थिक सहयोग और श्रमदान कर बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री जुटाई और प्रभावित इलाकों में पहुंचकर उसका वितरण किया। बिहार राज्य कार्यपालक सहायक सेवा संघ की सारण जिला इकाई के तत्वावधान में जिलाध्यक्ष नागमणि प्रसाद और प्रदेश अध्यक्ष निलेश कुमार के नेतृत्व में मकेर और अमनौर प्रखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाई गई। संघ की ओर से महेश छपरा, पुरुषोत्तमपुर, हैजलपुर, बाघाकोल, अमनौर कैथल, तारा अमनौर और आसपास के प्रभावित क्षेत्रों में 1200 से अधिक फूड पैकेट वितरित किए गए। इसके अलावा सेनेटरी नैपकिन, इलेक्ट्राॅल पाऊडर, बिस्कुट, मोमबत्ती, भुंजा और अन्य आवश्यक सामग्री भी बाढ़ पीड़ित परिवारों को उपलब्ध कराई गई।
सीमित आय के बावजूद बढ़ाया मदद का हाथ:
जिलाध्यक्ष नागमणि प्रसाद ने बताया कि बाढ़ की विभीषिका को देखते हुए संघ से जुड़े कर्मियों ने अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग किया है। जिले के विभिन्न विभागों में कार्यरत कार्यपालक सहायकों ने राहत सामग्री जुटाने के लिए आर्थिक योगदान देने के साथ श्रमदान भी किया है। इसके बाद सामग्री को प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचा कर जरूरतमंद परिवारों के बीच वितरित किया गया। क्योंकि बाढ़ जैसी आपदा में प्रभावित लोगों की मदद करना केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति का दायित्व है। इसी भावना के तहत कार्यपालक सहायकों ने अपनी सीमित आर्थिक क्षमता के बावजूद राहत अभियान में भागीदारी की।
प्रशासनिक अधिकारियों ने भी की सराहना:
प्रदेश अध्यक्ष निलेश कुमार ने बताया कि मकेर प्रखंड के फुलवरिया गांव में राहत सामग्री वितरण के दौरान छपरा सदर के एसडीएम नितेश कुमार और जिला पंचायत राज पदाधिकारी शशि कुमार ने कार्यपालक सहायक संघ की पहल को देखा और इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंच कर जरूरत की सामग्री उपलब्ध कराना सराहनीय प्रयास है। ऐसे सामाजिक सहयोग से आपदा के समय प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत मिलती है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार आगे भी सहयोग जारी रखने का प्रयास किया जाएगा। राहत वितरण के दौरान राजन कुमार, निर्भय कुमार, निर्मल, कुंदन कुमार, सर्व कुमार, तौसीफ राजा, पप्पू कुमार, रवि कुमार, रविशंकर यादव, सोनू कुमार, रितेश कुमार, आशीष कौशिक, अमित कुमार, संतोष कुमार गुप्ता समेत दर्जनों कार्यपालक सहायक मौजूद रहे।



Post a Comment