![]() |
| जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ बोले- जन सुराज की मजबूत एंट्री से NDA में खींचतान, शिक्षकों के 7वें वेतनमान और युवाओं के रोजगार का मुद्दा पहली बार मजबूती से उठा |
छपरा,।
जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव पर्यवेक्षक कुमार सौरभ ने शनिवार को छपरा स्थित जन सुराज पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने चुनावी तैयारियों और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखी।
कुमार सौरभ ने कहा कि आज हमारी एक रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। चुनाव अपने चरम पर है और NDA में खींचतान हो रही है। पहले विधान परिषद के चुनाव कब आते और कब खत्म हो जाते थे, पता भी नहीं चलता था। लेकिन जन सुराज की मजबूत एंट्री से इस बार चुनाव में नए मुद्दे उठे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर जी ने पहली बार मजबूती से शिक्षकों को संगठित करने और उनके 7वें वेतनमान की मांग उठाई है। वित्त रहित और वित्तपोषित शिक्षकों के अधिकारों तथा शिक्षकों से शिक्षण कार्य के अलावा कोई दूसरा काम नहीं कराने के लिए नीति बनाने की बात भी सामने रखी गई है। इसके साथ ही, जिन स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में जन सुराज के प्रत्याशी जीतेंगे, वहां 10 हजार युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है।
कुमार सौरभ ने कहा कि सारण निर्वाचन क्षेत्र में आफाक अहमद पहले से चुनावी मैदान में हैं। अब वे जन सुराज के प्रत्याशी हैं। उन्होंने NDA में आपसी खींचतान का आरोप लगाते हुए कहा कि आनंद पुष्कर के पक्ष में JDU बात नहीं कर रही है, जबकि BJP के साथी निर्दलीय प्रत्याशी के लिए प्रचार कर रहे हैं। हमारा मुकाबला सीधे तौर पर आनंद पुष्कर और जयराम जी से है।
उन्होंने बताया कि छपरा में एक बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें 1,000 से अधिक शिक्षक मतदाता शामिल होंगे। 15 अक्टूबर की शाम को प्रशांत किशोर जी और शिक्षक प्रत्याशी के साथ शिक्षक संवाद होगा, जिसमें 7वें वेतनमान की मांग पूरी कराने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
आफाक अहमद पर लगाए गए आरोपों पर कुमार सौरभ बोले- शिक्षकों के मुद्दों पर उनके संघर्ष के बयान सोशल मीडिया पर मौजूद हैं।
आफाक अहमद पर लगाए गए आरोपों पर कुमार सौरभ ने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके नाम के पेज पर शिक्षकों से जुड़े मुद्दों, अनुदान और नियोजित शिक्षकों की लड़ाई को लेकर दिए गए बयान मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि हम लगातार शिक्षक मतदाताओं के बीच और सारण निर्वाचन क्षेत्र में घूम रहे हैं। हमें पता है कि दावों में कितना दम है। NDA के भीतर भी आपसी खींचतान दिखाई दे रही है।उन्होंने कहा कि आफाक अहमद एक गरीब परिवार से आते हैं और उन्होंने शिक्षकों के मुद्दों को मुखरता से उठाया है। अगले छह वर्षों तक शिक्षकों के हक की यह लड़ाई प्रशांत किशोर और जन सुराज के प्रत्याशी के साथ जारी रहेगी।
मौके पर जिला अध्यक्ष आनंद मोहन सिंह, महासचिव अशोक गुप्ता, चुनाव प्रभारी अशोक सिंह, अभय सिंह, क्षेत्रीय प्रभारी बच्चा राय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Post a Comment