छपरा तक। जिले के छपरा-मुजफ्फरपुर मुख्य पथ पर मकेर-बाईपास के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक युवक को उस वक्त रौंद दिया, जब वह साइकिल से आटा लाने फ्लावर मिल जा रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिरकर तड़पने लगा और वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतक चकिया निवासी कन्हाई राय का 18 वर्षीय पुत्र विक्की कुमार बताया गया है, जो गुजरात में रहकर मजदूरी करता था। गांव में गंडक का तटबंध टूटने और घर में बाढ़ का पानी घुसने की खबर मिली तो वह परेशान हो उठा। मां प्रमिला देवी और अविवाहित बहन हैप्पी कुमारी की चिंता में वह चार दिन पहले ही भागा-भागा घर आया था। उसे क्या पता था कि जिसे वह बाढ़ से बचाने आया है, वही घर उसके लिए आखिरी सफर बन जाएगा। राहगीरों ने सड़क पर पड़े विक्की को गोद में उठाकर फुलवरिया पीएससी कैंप ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है, क्योंकि यह इस परिवार पर दूसरा वज्रपात है। तीन साल पहले विक्की के बड़े भाई विशाल की भी सड़क हादसे में ही मौत हो गई थी। दो जवान बेटों की मौत के बाद कन्हाई राय के घर का चिराग पूरी तरह बुझ गया है। मां प्रमिला बार-बार बेहोश हो रही है और बस एक ही बात कह रही है - "अब किसके लिए जिऊं?"पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment