छपरा तक। जिले के अमनौर थाना क्षेत्र के गणौरा हुस्सेपुर गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान गड़खा थाना क्षेत्र के मीठेपुर गांव निवासी मुंद्रिका राय की 25 वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतिका की मां के अनुसार, शनिवार की रात करीब 12 बजे अगुआ कृष्णा राय के माध्यम से उनकी बेटी की मौत की सूचना मिली। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गई। रविवार की सुबह करीब 9 बजे मायके पक्ष के लोग गणौरा गांव स्थित बेटी के ससुराल पहुंचे। जहां उन्होंने खुशी का शव पलंग पर पड़ा देखा। परिजनों के मुताबिक, शव के पास पलंग पर रस्सी भी बंधी हुई थी। इसी आधार पर फांसी लगाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
बताया गया कि खुशी कुमारी की शादी 5 मई 2026 को अमनौर थाना क्षेत्र के गणौरा गांव निवासी स्वर्गीय भगोरन राय के पुत्र मनीष राय के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से कई सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतिका के पिता ने अमनौर थाने को सूचना दी। सूचना पर थानाध्यक्ष विमलेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद एसडीपीओ सुबेंद्र प्रसाद ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली।
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल को सुरक्षित रखा गया है। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि ससुराल पक्ष के लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है और पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।
फिलहाल नवविवाहिता की मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा कि नवविवाहिता की हत्या हुई है या उसने आत्महत्या की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलूओं पर जांच कर रही है।

Post a Comment