छपरा तक। सहाजितपुर थाना क्षेत्र के एनएच-331 पर कोल्हुआं बाजार के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां पूजा कर घर लौट रही एक महिला को ट्रक ने रौंद दिया जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान उक्त गांव निवासी कृष्ण नंद ओझा की 40 वर्षीय पत्नी सुमन कुमारी के रूप में की गई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। महिला की मौत से आक्रोशित लोगों ने एनएच-331 पर सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला पूजा करने के बाद अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान कोल्हुआं बाजार के पास तेज रफ्तार एक अनियंत्रित ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया जिससे महिला बुरी तरह जख्मी हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बच पाई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हैं। वहीं, सड़क हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा गया। प्रदर्शन कर रहे लोग सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और जिम्मेदार वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। घटना के बाद पुलिस द्वारा ट्रक जप्त कर कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment