Top News

पानापुर के PM SHRI विद्यालय में 16 महीने बाद शुरू हुआ मध्याह्न भोजन, बीडीओ और बीईओ ने बच्चों के साथ बैठकर खाया खाना

 

PM Shri School Satjora Mid Day Meal Panapur
पीएमश्री उच्च माध्यमिक विद्यालय सतजोड़ा में विद्यार्थियों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन करते बीडीओ आनंद पांडेय, बीईओ धीरेन्द्र प्रसाद व अन्य अधिकारी।

पानापुर (छपरा तक): सारण जिले के पानापुर प्रखंड अंतर्गत पीएमश्री उच्च माध्यमिक विद्यालय सतजोड़ा में शुक्रवार का दिन विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत और खुशी लेकर आया। विद्यालय में वर्ग छह से आठ तक के छात्र-छात्राओं के लिए पिछले 16 महीनों से बंद पड़ा मध्याह्न भोजन (MDM) आखिरकार फिर से शुरू कर दिया गया। लंबे इंतजार के बाद स्कूल में गर्म और ताजा भोजन मिलने से बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

अधिकारियों ने बच्चों के साथ पंगत में बैठकर किया भोजन

एमडीएम योजना के पुनः शुभारंभ के मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया। प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) आनंद पांडेय, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी सह बीईओ धीरेन्द्र प्रसाद, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी अजय कुमार, एमडीएम प्रखंड साधनसेवी चंदेश्वर प्रसाद, प्रमुख प्रतिनिधि मोनू सिंह तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार तिवारी ने विद्यार्थियों के साथ पंगत में बैठकर भोजन किया।

रसोईयों की बहाली के बाद शुरू हुई व्यवस्था

मामले की जानकारी देते हुए प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार तिवारी ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में इस विद्यालय का चयन 'पीएमश्री विद्यालय' के रूप में हुआ था, जिसके बाद नजदीकी उत्क्रमित मध्य विद्यालय बगड़ीहा के कक्षा छह से आठ के विद्यार्थियों का समायोजन इसी विद्यालय में किया गया था। अप्रैल 2025 से कक्षाएं तो सुचारू रूप से चल रही थीं, लेकिन बर्तनों की कमी और रसोईयों की नियुक्ति न हो पाने के कारण मध्याह्न भोजन अटका हुआ था। विभागीय पहल के बाद अब रसोईयों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और शुक्रवार से एमडीएम का नियमित संचालन शुरू हो गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि अब बच्चों को सरकारी मेन्यू के अनुसार प्रतिदिन पौष्टिक भोजन मिलेगा।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रसौली के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार राम, समन्वयक अफसर अली खान, रमेश कुमार सिंह, सुरेश कुमार यादव, सुरेंद्र सिंह सहित कई शिक्षक और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post