तरैया (सारण): तरैया थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक बिना नंबर की बाइक बरामद की है।
थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार को पुलिस अवर निरीक्षक पंकज कुमार चौबे पुलिस बल के साथ क्षेत्र में गश्त और वाहन जांच कर रहे थे। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि पचरौर बाजार से सतजोरा जाने वाली सड़क पर कुछ लोग अवैध हथियार और कारतूस की खरीद-बिक्री के इरादे से जुटे हुए हैं।
सूचना के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पचरौर-रसीदपुर मार्ग स्थित एक स्थान पर छापेमारी की। पुलिस को देखकर तीनों युवक भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों के सहयोग से उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान रसीदपुर निवासी मो. इमाम हुसैन के पुत्र नैयर सादिक के पास से एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। वहीं अंधारबाड़ी निवासी मोतिउर रहमान के पुत्र सवाब हुसैन और छोटा माधोपुर निवासी आजादमनी के पुत्र हाजी अली के पास से दो जिंदा कारतूस और अन्य सामान बरामद किए गए।
पुलिस ने हथियार, कारतूस और बाइक से संबंधित कागजात मांगे, लेकिन आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इनका संबंध किसी बड़े आपराधिक गिरोह से तो नहीं है।

Post a Comment