छपरा । बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार सारण, छपरा के तत्वावधान में मंगलवार को राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम सह निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य विषय "घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम, 2005" रखा गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विषय पर अपने विचार निबंध के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को महिलाओं के विधिक अधिकारों, घरेलू हिंसा से बचाव के कानूनी प्रावधानों तथा समाज में महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से प्राधिकार कर्मी भारतेन्दु त्रिपाठी, सूरज पाण्डेय एवं विजेंद्र कुमार सिंह उपस्थित रहे। उपस्थित कर्मियों ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि कानून महिलाओं को घरेलू हिंसा से सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ त्वरित विधिक सहायता, आवास और भरण-पोषण का भी अधिकार देता है। यदि किसी महिला के साथ ऐसा कोई दुर्व्यवहार होता है, तो वह नि:शुल्क विधिक सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क कर सकती हैं।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्राधिकार द्वारा प्रोत्साहित व पुरस्कृत किया जाएगा।

Post a Comment