Top News

बीएसएनएल के नेटवर्क सुधार से बीएसएनएल की सेवा होगी बेहतर: सिग्रीवाल

 

टीएसी की बैठक में दूरसंचार सेवाओं की स्थिति पर हुई चर्चा, उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

छपरा, 08 अक्टूबर।

बीएसएनएल की सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए नेटवर्क व्यवस्था को मजबूत करने तथा आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण संचार सुविधा उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उक्त बातें महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने प्रमंडलीय मुख्यालय सारण के छपरा शहर स्थित सर्किट हाउस में टेलीकॉम एडवाइजरी कमेटी (टीएसी) की बैठक के दौरान कही। अपने अध्यक्षीय संबोधन में सांसद ने अधिकारियों से दूरसंचार व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी लेते हुए कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल और इंटरनेट सेवा आम लोगों की जरूरत का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। ऐसे में ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों तक बेहतर नेटवर्क और निर्बाध संचार सुविधा पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने नेटवर्क से जुड़ी शिकायतों के समाधान में तेजी लाने और सेवा की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।


नेटवर्क कवरेज, कनेक्टिविटी और उपभोक्ता समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई: रूपेंद्र पाठक

बैठक के दौरान परिचालन प्रमुख रूपेंद्र पाठक के द्वारा क्षेत्र में दूरसंचार सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी गई। हालांकि बैठक में नेटवर्क संबंधी कमियों को चिह्नित कर उनके समाधान, सेवा विस्तार और उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आपसी समन्वय से काम करने पर सहमति बनी। उन्होंने यह भी कहा कि बीएसएनएल को मजबूत बनाने के लिए जरूरी सुझावों और समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है। ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर और भरोसेमंद दूरसंचार सेवा मिल सके। बैठक में जिले सहित क्षेत्र में बीएसएनएल की दूरसंचार सेवाओं की स्थिति, नेटवर्क कवरेज, कनेक्टिविटी और उपभोक्ताओं से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।


टीएसी सदस्यों ने नेटवर्क की स्थिति, सेवा में आने वाली परेशानियों से कराया अवगत:

बैठक के दौरान क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क और अन्य दूरसंचार सेवाओं से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली गई। टीएसी सदस्यों ने विभिन्न क्षेत्रों में नेटवर्क की स्थिति, सेवा में आने वाली दिक्कतों और उपभोक्ताओं की परेशानियों से अधिकारियों को अवगत कराया। इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी विचार- विमर्श किया गया। बैठक में बीएसएनएल के जीएम सुनील कुमार सिंह, एजीएम अब्दुल मजीद, विकास कुमार, मनोज कुमार, उपेंद्र सिंह और अमन कुमार सहित बीएसएनएल के अन्य अधिकारी तथा टीएसी के सदस्य मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post