Top News

ताप्ती गंगा एक्सप्रेस की चपेट में आया दसवीं का छात्र, 15 वर्षीय धीरज की मौत

मढ़ौरा में ताप्ती गंगा एक्सप्रेस की चपेट में आए दसवीं के छात्र धीरज कुमार महतो की तस्वीर
मढ़ौरा ढाला के पास ताप्ती गंगा एक्सप्रेस की चपेट में आने से दसवीं के छात्र धीरज कुमार महतो की मौत।

मढ़ौरा। मढ़ौरा ढाला के पास बुधवार की सुबह करीब 7:30 बजे ताप्ती गंगा एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान पकहां गांव निवासी भीष्म महतो के पुत्र धीरज कुमार महतो के रूप में हुई है। धीरज दसवीं कक्षा का छात्र था।

बताया जाता है कि धीरज सुबह शौच करने के लिए रेलवे ट्रैक के समीप गया था। इस दौरान वह एयरफोन लगाए हुए था। एयरफोन के कारण उसे ट्रेन के आने की आवाज सुनाई नहीं दी, जिसके चलते वह ताप्ती गंगा एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

धीरज जुड़वां भाइयों में छोटा था। दोनों भाइयों का जन्म एक साथ हुआ था। धीरज की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

मृतक के पिता भीष्म महतो राजमिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के अनुसार धीरज पढ़ाई कर आगे कुछ बनने का सपना देख रहा था। किशोर की मौत से परिवार के साथ-साथ गांव के लोग भी गमगीन हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post