Top News

रामकोला में जल्द खुले कृषि महाविद्यालय, सांसद ने कृषि सचिव से की मुलाकात

रामकोला में कृषि महाविद्यालय की स्थापना को लेकर सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल की कृषि सचिव से मुलाकात
37.5 एकड़ जमीन हो चुकी है चिन्हित, केंद्र से स्वीकृति के बाद बिहार सरकार ने उपलब्ध कराई जमीन

छपरा तक /तरैया (सारण)। महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल ने नई दिल्ली में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, भारत सरकार के सचिव से मुलाकात कर सारण जिले के तरैया प्रखंड स्थित रामकोला में कृषि महाविद्यालय की स्थापना की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने का आग्रह किया।


सांसद ने सचिव को दिए पत्र में कहा है कि उनके लगातार प्रयास के बाद कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार ने महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र के सारण (छपरा) जिले में कृषि महाविद्यालय खोलने की स्वीकृति देते हुए बिहार सरकार से जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। इसके बाद बिहार सरकार ने तरैया प्रखंड के रामकोला में कृषि महाविद्यालय की स्थापना के लिए 37.5 एकड़ जमीन चिन्हित की है।


सांसद ने बताया कि जमीन चिन्हित होने के बाद अब कृषि महाविद्यालय की स्थापना के लिए अग्रेतर कार्रवाई शीघ्र पूरी किया जाना आवश्यक है। उन्होंने सचिव को बिहार सरकार द्वारा चिन्हित जमीन से संबंधित कागजात तथा केंद्र सरकार द्वारा बिहार सरकार से जमीन उपलब्ध कराने के संबंध में किए गए पत्राचार की प्रतियां भी उपलब्ध कराईं।


सांसद ने कृषि सचिव से आग्रह किया कि रामकोला में कृषि महाविद्यालय की स्थापना के लिए उनके स्तर से संबंधित अधिकारियों को शीघ्र आवश्यक आदेश एवं निर्देश दिए जाएं, ताकि क्षेत्र के किसानों और कृषि शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post