| सोनपुर व्यवहार न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर आयोजित जागरूकता शिविर में उपस्थित न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता एवं आम लोग। |
छपरा । जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार सारण, अनंत कुमार के निर्देशानुसार 12 सितंबर को आयोजित होने वाली आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता एवं व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु बुधवार को सिविल कोर्ट कैम्पस, सोनपुर में एक विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण (छपरा) के सचिव राजीव कुमार द्वारा की गई।
इस अवसर पर मंच पर विशिष्ट न्यायिक पदाधिकारियों में अनुराग मिश्रा , एसीजीएम 2 सुश्री गज़ाला तंजीम तथा श्री नाज़िम अहमद मुंसिफ, सोनपुर न्यायालय उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सोनपुर विधि मंडल के अध्यक्ष व सचिव, स्थानीय थाना प्रभारी (सोनपुर), रेल थाना प्रभारी (सोनपुर) सहित लॉ फाउंडेशन के डायरेक्टर प्रवीण कुमार एवं सदस्य संतोष कुमार, दीप शिखा, पवन कुमार तथा न्यायालय के अन्य कर्मी व अधिवक्तागण मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
शिविर को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली लोक अदालत के महत्व और लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
सचिव राजीव कुमार ने आम जनता और वादकारियों से अपील की कि वे अपने सुलहनीय आपराधिक मामलों, दीवानी वादों, बैंक ऋण, मोटर दुर्घटना दावा, पारिवारिक व वैवाहिक विवादों, बिजली तथा माप-तौल से जुड़े मामलों का आपसी सहमति से स्थायी समाधान कराएं। सचिव महोदय ने बताया कि इस बार
आपराधिक समझौता-योग्य वादों के निष्पादन हेतु एक अतिरिक्त बेंच का गठन किया गया है।
न्यायिक पदाधिकारियों ने बताया कि लोक अदालत में मामलों के निस्तारण से धन और समय दोनों की बचत होती है, साथ ही आपसी सौहार्द भी बना रहता है। लोक अदालत के फैसले के विरुद्ध कोई अपील नहीं होती, जिससे विवादों का अंतिम रूप से निपटारा हो जाता है।
शिविर में उपस्थित सभी हितधारकों, अधिवक्ताओं एवं पुलिस पदाधिकारियों से अधिक से अधिक मामलों को सुलह के आधार पर लोक अदालत में संदर्भित करने का आह्वान किया गया ताकि आमजनों को सुलभ और त्वरित न्याय मिल सके।
Post a Comment