Top News

सारण जिले में तेजी से बन रहा (आभा) आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट कार्ड: सिविल सर्जन

घर बैठे बनाए आभा आईडी, क्योंकि इसकी प्रक्रिया बेहद सरल: डीपीसी 

 छपरा, 09 सितंबर।

​सारण जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा (आभा) आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट कार्ड बनवाने के लिए एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी और आयुष्मान भारत अभियान के प्रभारी जिला कार्यक्रम समन्वयक (डीपीसी) अभिनय कुमार ने संयुक्त रूप से जिलेवासियों से अपील की है कि आप सभी जिलेवासी आगे आकर अपनी और अपने परिवार के सदस्यों की आभा आईडी अवश्य बनवाएं। विभागीय अधिकारी के अनुसार सारण जिले में 24, 62, 298 (लगभग कुल आबादी का 52 प्रतिशत) है, जबकि जनसंख्या के हिसाब से राज्य में- 29 रैंक वहीं आभा की संख्या के आधार- 07 स्थान है। 

इस संबंध में ​सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत बनने वाली यह हेल्थ आईडी प्रत्येक नागरिक के लिए बेहद उपयोगी है। इसके माध्यम से मरीजों को अस्पतालों में लंबी कतारों से राहत मिलती है और उनके पुराने पर्चे, जांच रिपोर्ट तथा अन्य स्वास्थ्य रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रहते हैं। मरीज देश के किसी भी कोने में स्थित डिजिटल स्वास्थ्य सुविधा से जुड़े अस्पताल में अपनी इस आईडी के जरिए अपने पुराने मेडिकल इतिहास को आसानी से साझा कर सकते हैं, जिससे इलाज की प्रक्रिया बेहद सुगम हो जाती है।

आयुष्मान भारत अभियान के प्रभारी जिला कार्यक्रम समन्वयक (डीपीसी) अभिनय कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि आभा आईडी बनवाने की प्रक्रिया बेहद सरल है, जिसे कोई भी नागरिक घर बैठे अपने मोबाइल फोन के माध्यम से आसानी से पूरा कर सकता है। इसके लिए नागरिकों को अपने स्मार्टफोन में आरोग्य सेतु 2.0 ऐप या आधिकारिक ABHA ऐप डाउनलोड करना होगा। ऐप खोलने के बाद 'Create ABHA ID' के विकल्प का चयन करना होता है, जिसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होती है।


​घर बैठे ऐसे तैयार करें अपनी डिजिटल हेल्थ आईडी: 

​ऐप का चयन-

अपने एंड्रॉइड या आईओएस स्मार्टफोन पर आरोग्य सेतु 2.0 अथवा ABHA मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड करके खोलें।


​पहचान का विकल्प-

ऐप के होमपेज पर दिए गए 'Create ABHA ID' के विकल्प पर क्लिक करें और आगे बढ़ें।


​दस्तावेज प्रविष्टि-

निर्धारित स्थान पर अपना पहचान विवरण दर्ज करें और आवश्यक सरकारी नियमों व शर्तों के लिए अपनी सहमति प्रदान करें।


​ओटीपी सत्यापन-

पहचान पत्र से जुड़े पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त होने वाले वन-टाइम पासवर्ड (OTP) को दर्ज कर मोबाइल नंबर का सत्यापन पूरा करें।


​आईडी सृजन-

अपनी पसंद का ABHA एड्रेस बनाएं और अंत में सफल पंजीकरण के बाद प्राप्त डिजिटल कार्ड को अपने फोन में सुरक्षित सहेज कर रख लें।


​जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह अभियान जिले के सभी प्रखंडों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने पंचायत स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं और ए एन एम को भी निर्देश दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आम लोगों को इस डिजिटल पहल के प्रति जागरूक करें और उनके मोबाइल पर ABHA ID बनवाने में पूरी मदद करें। ​प्रशासन ने सभी नागरिकों, युवाओं और प्रबुद्ध जनों से अपील करते हुए कहा है कि इस अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर आज ही अपनी ABHA ID बनाकर डिजिटल स्वास्थ्य क्रांति का हिस्सा बनें और एक स्वस्थ एवं डिजिटल सारण के निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post