![]() |
| भारतीय उच्चायोग लंदन की हिन्दी एवं संस्कृति अधिकारी डॉ. अनुराधा पाण्डेय होंगी मुख्य अतिथि, डॉ. ऋतु शर्मा करेंगी अध्यक्षता: |
लंदन, 10 सितंबर।
हिन्दी भाषा को वैश्विक मंच पर नई पहचान और व्यापक विस्तार देने के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी संगठन, नीदरलैंड की ओर से ‘वैश्विक हिन्दी उत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन दुनिया के विभिन्न देशों में हिन्दी के प्रचार-प्रसार, साहित्यिक संवाद और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। ऑनलाइन होने वाले इस कार्यक्रम में भारत सहित ब्रिटेन, नीदरलैंड और अन्य देशों के हिन्दी प्रेमी, साहित्यकार एवं विद्वान शामिल होंगे। संगठन की अध्यक्ष डॉ. ऋतु शर्मा ननन पाण्डेय ने बताया कि विशेष कार्यक्रम 10 सितंबर 2026 को नीदरलैंड समयानुसार दोपहर 12:30 बजे तथा लंदन समयानुसार सुबह 11:30 बजे स्ट्रीमयार्ड के माध्यम से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भारतीय उच्चायोग, लंदन की हिन्दी एवं संस्कृति अधिकारी डॉ. अनुराधा पाण्डेय होंगी। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. ऋतु शर्मा करेंगी।
सीमाओं से परे हिन्दी का विस्तार, लंदन से नीदरलैंड तक सजेगा वैश्विक हिन्दी उत्सव:
वैश्विक हिन्दी उत्सव में प्रवासी हिन्दी विद्वानों के साथ विशेष साक्षात्कार और संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में विदेशों में हिन्दी के प्रचार- प्रसार की वर्तमान स्थिति, भाषा के सामने मौजूद चुनौतियों तथा आने वाले समय में हिन्दी की वैश्विक संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। हिन्दी साहित्य और भारतीय संस्कृति को विश्व समुदाय से जोड़ने में प्रवासी भारतीयों की भूमिका पर भी चर्चा होगी। इस संबंध में डॉ. शर्मा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी संगठन, नीदरलैंड पिछले कई वर्षों से यूरोप में हिन्दी के प्रचार-प्रसार और हिन्दी प्रेमियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ‘वैश्विक हिन्दी उत्सव’ इसी अभियान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण कड़ी है। कार्यक्रम में भारत, ब्रिटेन और नीदरलैंड के राष्ट्रीय ध्वजों की साझा उपस्थिति हिन्दी की वैश्विक यात्रा और तीनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक बनेगी। आयोजकों ने विश्वभर के हिन्दी प्रेमियों, साहित्यकारों, शिक्षाविदों और भाषा के प्रति रुचि रखने वाले लोगों से इस ऑनलाइन उत्सव में सहभागी बनने की अपील की है।

Post a Comment