![]() |
| सब जूनियर अंडर-14 डबल बालिका वर्ग में बिहार को स्वर्ण, श्रीनगर में आयोजित 29वीं राष्ट्रीय चैंपियनशिप में सारण की बेटियों ने दिखाया दम: |
छपरा, 12 सितंबर।
जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में 5 से 10 सितंबर तक आयोजित 29वीं सब जूनियर सेपक टकरा नेशनल चैंपियनशिप में सारण की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। प्रतियोगिता के सब जूनियर अंडर- 14 डबल बालिका वर्ग में बिहार की टीम ने स्वर्ण पदक हासिल कर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया है। बिहार की इस स्वर्णिम सफलता में सारण की तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों निधि तिवारी, हिना खान और प्रियंशी कुमारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व कर रही सारण की खिलाड़ियों ने अपने दमदार खेल से प्रतिद्वंद्वी टीमों को कड़ी चुनौती दी। अंडर- 14 बालिका डबल स्पर्धा में बिहार की टीम ने शानदार तालमेल और अनुशासित खेल का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। टीम की सफलता के बाद खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेलप्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
सारण की खिलाड़ी निधि तिवारी के लिए यह उपलब्धि लगातार दूसरी राष्ट्रीय सफलता है। शहर के भागवत विद्यापीठ की छात्रा निधि ने इससे पहले भी सब जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में डबल स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया था। लगातार दो वर्षों तक राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत का शानदार परिचय दिया है। उनकी इस उपलब्धि से सारण के खेल जगत में भी उत्साह का माहौल है।
सेपक टकरा सारण की बेटियों के दम पर बिहार बना चैंपियन:
सेपक टकरा के कोच तरुण कुमार सिंह ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि निधि, हिना और प्रियंशी ने अंडर-14 वर्ग में पूरी क्षमता के साथ खेलते हुए टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। हालांकि प्रतियोगिता में सारण की अन्य खिलाड़ियों रेजु और क्वाड ने भी बिहार टीम के लिए प्रभावी प्रदर्शन किया है। खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और टीम को मजबूत स्थिति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला सेपक टकरा संघ की अध्यक्ष सह बिहार सेपक टकरा संघ की उपाध्यक्ष तनुजा विकास सिंह, सचिव तरुण कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष राजेश झा सहित संघ के पदाधिकारियों ने बधाई दी है। बिहार सेपक टकरा संघ के सचिव डॉ. करुणेश कुमार, बिहार के अन्य पदाधिकारियों तथा भागवत विद्यापीठ के प्राचार्य डॉ. अमरेन्द्र सिंह, वीएन उपाध्याय और कबड्डी कोच हिमांशु सिंह समेत कई खेलप्रेमियों ने भी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
जिला सेपक टकरा संघ के सचिव तरुण कुमार सिंह ने बताया कि सारण की प्रतिभाओं को राज्य स्तर पर बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए लगातार अवसर मिल रहा हैं। निधि के साथ प्रियंशी, सृष्टि और मुस्कान फिलहाल एकलव्य भगवानपुर तथा मुजफ्फरपुर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। नियमित अभ्यास, अनुशासन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन में लगातार निखार आ रहा है। खिलाड़ियों की इस सफलता ने सारण में सेपकटकरा के प्रति बढ़ती रुचि और जिले की खेल प्रतिभाओं की मजबूत मौजूदगी को भी रेखांकित किया है।

Post a Comment